बनेठा (सच्चा सागर)। प्रतिभा किसी परिचय की मोहताज नहीं होती, इसे सच कर दिखाया है सूथडा निवासी अभिषेक गुर्जर ने। अभिषेक ने माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 10वीं की परीक्षा में 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर न केवल अपने परिवार का, बल्कि पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है।
डॉक्टर बनने का है सपना
सीकर के एक निजी विद्यालय में अध्ययनरत अभिषेक ने अपनी इस सफलता का श्रेय कड़ी मेहनत और नियमितता को दिया है। भविष्य में अभिषेक डॉक्टर बनकर देश की सेवा करना चाहते हैं। अभिषेक के पिता धनपाल गुर्जर एक पेट्रोल पंप संचालक हैं और माता अनिता देवी गृहणी हैं।
सोशल मीडिया से दूरी और 10 घंटे की पढ़ाई
अपनी सफलता का मंत्र साझा करते हुए अभिषेक ने बताया कि उन्होंने रोजाना 10 घंटे नियमित पढ़ाई की। उन्होंने पढ़ाई के दौरान मोबाइल फोन और सोशल मीडिया से पूरी तरह दूरी बनाए रखी।
विद्यार्थियों को संदेश : ‘नियमितता और मॉक टेस्ट है जरूरी’
वर्तमान में अपने ननिहाल में रह रहे अभिषेक ने अन्य विद्यार्थियों को संदेश दिया कि सफलता के लिए शॉर्टकट नहीं, बल्कि नियमित मेहनत जरूरी है। उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि वे रोजाना 10 घंटे अध्ययन करने के साथ-साथ अधिक से अधिक मॉक टेस्ट दें, ताकि परीक्षा के लिए आत्मविश्वास बढ़ सके।
