(सच्चा सागर )अनुशासन और आध्यात्मिक वातावरण में जैन दंपति सेमिनार का आयोजन संपन्न

 अनुशासन और आध्यात्मिक वातावरण में जैन दंपति सेमिनार का आयोजन संपन्न


 टोंक। (सच्चा सागर )दिगंबर जैन नसिया अमीरगंज टोंक में आचार्य विनिश्चय सागर महाराज परम प्रभावक शिष्य परम पूज्य मुनि प्रज्ञान सागर महाराज एवं मुनि प्रसिद्ध सागर महाराज के पावन सानिध्य में एक भव्य जैन दंपति सेमिनार का आयोजन श्रद्धा, अनुशासन और आध्यात्मिक वातावरण में संपन्न हुआ। समाज के प्रवक्ता पवन कंटान और गुरु भक्त कमल सर्राफ ने बताया कि कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत चित्र अनावरण एवं दीपप्रज्वलन अनिल आंडरा, धर्मचंद पत्तलदोना, राजेश बोरदा, ज्ञानचंद दाखिया, अनिल सर्राफ अभिषेक बिलासपुरिया ने किया। शास्त्र भेट धर्मेंद्र पासरोटियां, पवन कंटान, अंकुर पाटनी, ओम ककोड़, कमल सर्राफ,  राजेश शिवाडिया, डॉ. चेतन जैन ने किया मंगलाचरण राजकुमारी अत्तर, बीना जैन, अनीता जैन ने किया। इस अवसर पर 120 दाम्पत्य जोड़े को मुनि प्रज्ञान सागर महाराज ने अपने प्रेरक प्रवचन में दांपत्य जीवन, पारिवारिक समरसता एवं संस्कारों पर अत्यंत सारगर्भित मार्गदर्शन प्रदान किया। 

दांपत्य जीवन कैसे निभाएं 

मुनि ने बताया कि पति-पत्नी का संबंध केवल अधिकारों का नहीं, बल्कि कर्तव्यों, समर्पण और समझदारी का होता है। एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान, संवाद में मधुरता और परस्पर विश्वास ही सुखी गृहस्थ जीवन की नींव है। क्रोध, अहंकार और शंका को त्यागकर क्षमा, संयम और सहनशीलता को अपनाने से घर स्वर्ग बन सकता है।

सास-बहू में कैसे हो सामंजस्य

उन्होंने विशेष रूप से सास-बहू संबंधों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सास को बहू को बेटी समान अपनाना चाहिए और बहू को सास में माँ का भाव देखना चाहिए। आलोचना के स्थान पर सहयोग, आदेश के स्थान पर स्नेह और अपेक्षा के स्थान पर समझ विकसित करने से परिवार में सौहार्द बना रहता है। छोटी-छोटी बातों को तूल न देकर धैर्य और संवाद से समाधान निकालना चाहिए।

घर में शांति और संस्कार कैसे बनें

मुनि ने कहा कि घर केवल ईंट-पत्थर का ढांचा नहीं, बल्कि संस्कारों की पाठशाला है। परिवार में प्रतिदिन कुछ समय धर्म चर्चा, स्वाध्याय, भक्ति और आपसी संवाद के लिए अवश्य निकालना चाहिए। बच्चों के सामने माता-पिता का आचरण ही उनका पहला उपदेश होता है, इसलिए अपने व्यवहार को संयमित और आदर्श बनाना आवश्यक है।

जैन दर्शन का महत्व

उन्होंने जैन दर्शन के मूल सिद्धांत—अहिंसा, सत्य, अपरिग्रह और अनेकांत—को पारिवारिक जीवन में उतारने का आह्वान किया। इन सिद्धांतों को अपनाकर ही दंपति जीवन को शांत, सुसंस्कृत और धर्ममय बनाया जा सकता है। इस मौके पर दंपतियों ने महाराज से अपनी शंकाओ का समाधान किया सेमिनार के अंत में उपस्थित जैन दंपतियों ने मुनि के मार्गदर्शन को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। यह सेमिनार न केवल दांपत्य जीवन के लिए, बल्कि समग्र पारिवारिक और सामाजिक उत्थान के लिए अत्यंत प्रेरणादायक सिद्ध हुआ। इस मौके पर समाज के अनिल सर्राफ, मनीष  फागी, जितेंद्र बनेठा, पप्पू नमक, मनोज बनेठा, अभिषेक बिलासपुरिया, रमेश हाडीगांव सहित समाज के अध्यक्ष पदमचंद आंध्र एवं मंत्री महावीर प्रसाद देवली आदि लोग उपस्थित रहे।

18 टोंक 05

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने