टोंक में अवैध बजरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से युवक की कुचलकर हत्या का मामला गहराया शव रखकर ग्रामीणों का धरना, प्रशासन से वार्ता विफल

 टोंक में अवैध बजरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से युवक की कुचलकर हत्या का मामला गहराया


शव रखकर ग्रामीणों का धरना, प्रशासन से वार्ता विफल


टोंक ( सच्चा सागर) ज़िले के दूनी थाना क्षेत्र में अवैध बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने युवक पप्पू गुर्जर को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा बुधवार रात हुआ, जिसके बाद से पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। गुरुवार को मृतक के परिजनों व ग्रामीणों ने देवली-राजमहल मार्ग पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों की मांगों को लेकर प्रशासन के साथ लगातार वार्ताएं जारी हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकल सका है। शुक्रवार को प्रशासन की ओर से SDM मनोज कुमार व CO रामसिंह के साथ 10 सदस्यीय कमेटी की वार्ता फिर से विफल हो गई। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होती और अवैध बजरी परिवहन पर सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर मांगे नहीं मानी गईं तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस पूरे घटनाक्रम ने प्रशासनिक कार्यशैली और पुलिस की निष्क्रियता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अवैध बजरी माफियाओं के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब खुलेआम आम नागरिकों की जान ले रहे हैं, और शासन-प्रशासन सिर्फ समझाइश तक ही सीमित नजर आ रहा है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी हो, मृतक के परिजनों को मुआवजा दिया जाए और क्षेत्र में अवैध बजरी परिवहन पर सख्ती से रोक लगाई जाए।स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है, और प्रशासनिक प्रयासों के बावजूद समाधान की कोई स्पष्ट तस्वीर सामने नहीं आई है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने