जनता के मुद्दों की पैरवी में सच्चा सागर के तीन पत्रकार सम्मानित

जनता के मुद्दों की पैरवी में सच्चा सागर के तीन पत्रकार सम्मानित निवाई। दैनिक सच्चा सागर समाचार-पत्र समूह के लिए स्वतंत्रता दिवस इस बार विशेष उपलब्धि लेकर आया। समूह के तीन पत्रकारों को पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के लिए सम्मानित किया गया। इससे समाचार-पत्र समूह के पत्रकारों में उत्साह का माहौल है।
दैनिक सच्चा सागर के प्रबंध सम्पादक रामबिलास लांगड़ी को निवाई में आयोजित उप जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में सम्मानित किया गया। वहीं मालपुरा से समूह के संवाददाता रवि शर्मा को जिला स्तरीय समारोह में सम्मान मिला। इसी क्रम में समूह के पत्रकार आशाकिशन गुर्जर को भी निवाई के उप जिला स्तरीय समारोह में सम्मानित किया गया। तीनों पत्रकारों ने क्षेत्र में आमजन से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए प्रशासन और जनता के बीच संवाद की मजबूत कड़ी के रूप में अपनी भूमिका निभाई है। सड़क, पानी, बिजली, शिक्षा, कृषि, प्रशासनिक व्यवस्थाओं सहित स्थानीय समस्याओं को समाचारों के माध्यम से जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंचाने और उनके समाधान के लिए प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने में ग्रुप लगातार सक्रिय रहा है। सम्मान मिलने के बाद पत्रकारों ने कहा कि यह सम्मान केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि उन तमाम लोगों की आवाज का सम्मान है, जो अपनी समस्याओं को समाचार माध्यमों के जरिए शासन-प्रशासन तक पहुंचाने की उम्मीद रखते हैं। दैनिक सच्चा सागर समाचार-पत्र समूह ने कहा कि पत्रकारिता का मूल उद्देश्य सत्ता की प्रशंसा करना नहीं, बल्कि जनता के सवालों को मजबूती से उठाना और प्रशासन को समाधान की दिशा में प्रेरित करना है। तीन पत्रकारों का सम्मान इस बात का प्रमाण है कि जनहित की पत्रकारिता को समाज और प्रशासन दोनों स्तरों पर पहचान मिल रही है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने