5.144 किलो गांजा के साथ दो भाई गिरफ्तार
बिजौलिया से सवाई माधोपुर बेचने लाए थे, पार्सल की तरह पैक कर बैग में छिपा रखा था
सवाई माधोपुर। कोतवाली थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 5.144 किलो गांजा जब्त कर दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘नशे के खिलाफ जंग-ड्रग वॉरियर अभियान’ के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय सिंह मीना एवं पुलिस उपाधीक्षक शहर राजेन्द्र मीना के सुपरविजन में कोतवाली थानाधिकारी मदनलाल मीणा के नेतृत्व में गठित टीम ने रीको एरिया स्थित बर्फ फैक्ट्री, रणथम्भौर रोड के पास कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार 9 अगस्त को गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि सरस डेयरी के पीछे रीको एरिया स्थित बर्फ फैक्ट्री के पास मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति बैठे हैं, जिनके पास गांजा हो सकता है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। यहां टीवीएस स्पोर्ट मोटरसाइकिल पर बैठे दोनों युवक पुलिस को देखकर सकपका गए। तलाशी लेने पर बैग में पैकिंग टेप से पार्सल की तरह पैक किया हुआ पैकेट मिला। टेप हटाकर जांच की गई तो उसमें गांजा बरामद हुआ। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तौल करने पर गांजे का वजन 5.144 किलो निकला।
पुलिस ने मौके से भानू पुत्र प्रकाशचंद गौड़, उम्र 23 वर्ष तथा उसके सगे भाई गोविन्द गौड़ पुत्र प्रकाशचंद गौड़, उम्र 25 वर्ष, दोनों निवासी अकलौद, थाना हिडौली, जिला बूंदी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से गांजा के साथ तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे बिजौलिया क्षेत्र से गांजा सस्ती दर पर खरीदकर सवाई माधोपुर में अधिक कीमत पर बेचने के लिए लाए थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ प्रकरण संख्या 285/26 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया है। आरोपियों से गांजा तस्करी के नेटवर्क को लेकर पूछताछ एवं अनुसंधान जारी है।
सवाई माधोपुर। कोतवाली थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 5.144 किलो गांजा जब्त
0
