चार ग्राम पंचायतों को टोंक विधानसभा में शामिल करने की मांग तेज

ग्रामीणों ने सचिन पायलट को सौंपा ज्ञापन  

टोड़ारायसिंह (सच्चा सागर)।  उपखंड टोड़ारायसिंह की चार ग्राम पंचायतों को टोंक विधानसभा क्षेत्र में शामिल कराने की मांग एक बार फिर जोर पकडऩे लगी है। इस संबंध में ग्रामीणों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने टोंक विधायक एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट को ज्ञापन सौंपकर विधानसभा क्षेत्र के पुनर्गठन के दौरान इन पंचायतों को टोंक विधानसभा में शामिल करने की मांग की। कांग्रेस अभाव अभियोग प्रकोष्ठ के जिला प्रवक्ता महावीर गुर्जर ने बताया कि ज्ञापन में टोड़ारायसिंह उपखंड की ग्राम पंचायत कालवाड़, रामपुरा, कंवरावास और बोटूंदा को टोंक विधानसभा क्षेत्र की 11 ग्राम पंचायतों के साथ जोड़े जाने का आग्रह किया गया है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि भौगोलिक, सामाजिक एवं जनसंपर्क की दृष्टि से इन पंचायतों का जुड़ाव टोंक क्षेत्र से अधिक है। ऐसे में इन्हें टोंक विधानसभा में शामिल किए जाने से क्षेत्र के लोगों को जनप्रतिनिधियों से बेहतर समन्वय और विकास योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि इन चारों ग्राम पंचायतों के टोंक विधानसभा क्षेत्र में शामिल होने से कांग्रेस पार्टी का जनाधार और अधिक मजबूत होगा तथा संगठन को भी मजबूती मिलेगी। ग्रामीणों ने क्षेत्र के समग्र विकास, सडक़, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए भी यह बदलाव आवश्यक बताया। ज्ञापन पर प्रतिक्रिया देते हुए टोंक विधायक सचिन पायलट ने कहा कि इस मांग का पूरी गंभीरता और बारीकी से अध्ययन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी निर्णय से पहले सभी पहलुओं पर विचार किया जाएगा तथा जो भी कदम जनहित में होगा, उसे पूरी मजबूती के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। पायलट ने कहा कि उनकी प्राथमिकता हमेशा गांव, गरीब, किसान और आमजन के हितों की रक्षा रही है। क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का समाधान और विकास कार्यों को गति देना उनकी प्रतिबद्धता है। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि जनभावनाओं का पूरा सम्मान किया जाएगा और उचित स्तर पर इस मांग को प्रभावी ढंग़ से उठाया जाएगा।    


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने