समाज की प्रतिभाओं को मिलेगा सम्मान का मंच


पूर्व कृषि मंत्री डॉ. प्रभुलाल सैनी होंगे मुख्य अतिथि

- विनोद धर्मानी 

देवली (सच्चा सागर)। अखिल भारतीय माली समाज सेवा संस्थान, जिला टोंक के तत्वावधान में आयोजित होने वाले पांचवे सर्व माली समाज जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह-2026 को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। समाज की प्रतिभाओं, मेधावी विद्यार्थियों, नव नियुक्त कर्मचारियों, उच्च शिक्षा में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले युवाओं तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों के सम्मान के लिए आयोजित यह समारोह 28 जून, रविवार सुबह 10 बजे दूनी स्थित ओम पैराडाइज में होगा। जिला प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी भैरूलाल माली ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने राजस्थान सरकार के पूर्व कृषि मंत्री डॉ. प्रभुलाल सैनी से भेंट कर उन्हें मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया। यहां पूर्व मंत्री ने समारोह के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन भी किया और प्रतिभा सम्मान जैसे आयोजनों को समाज में शिक्षा, संस्कार और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने वाला महत्वपूर्ण प्रयास बताया। वहीं समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम को भव्य, सुव्यवस्थित और ऐतिहासिक बनाने के लिए भोजन व्यवस्था, मंच संचालन, अतिथि सत्कार, पंजीकरण, सम्मान प्रक्रिया, आगंतुकों की सुविधाओं तथा अन्य विशिष्ट अतिथियों को आमंत्रित करने विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। समारोह में माध्यमिक एवं वरिष्ठ माध्यमिक परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी, बीटेक, एमटेक, सीए, सीएस, एमबीबीएस, बीएएमएस, पीएचडी, नीट सहित विभिन्न उच्च शिक्षण संस्थानों में चयनित छात्र-छात्राएं, नव नियुक्त कर्मचारी, राज्य स्तर पर सम्मानित व्यक्तित्व, भामाशाह एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही जिला एवं तहसील कार्यकारिणियों का शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित होगा।    


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने