- रवि शर्मा
मालपुरा (सच्चा सागर)। उपखंड क्षेत्र के टोरडी गांव में मंगलवार को भक्तिभाव और धार्मिक उल्लास के वातावरण में सप्त दिवसीय श्री शिव महापुराण ज्ञान यज्ञ महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। आयोजन की शुरुआत श्री गणेश मंदिर टोरडी से निकाली गई विशाल कलश यात्रा के साथ हुई, जिसमें महिलाएं सिर पर कलश धारण कर भक्ति गीतों के साथ शामिल हुईं। कलश यात्रा कस्बे के मुख्य मार्गों से होती हुई कथा स्थल बाबा कल्याण दास जी की बगीची पहुंची, जहां पूरे क्षेत्र में ‘हर हर महादेव’ के जयघोष गूंज उठे। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, महिलाओं एवं युवाओं ने भाग लेकर धर्म के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। पूरा कस्बा शिवमय माहौल में रंगा नजर आया। वृंदावन धाम के सुप्रसिद्ध कथावाचक राजीव कृष्ण शास्त्री ने कथा के प्रथम दिवस शिव महापुराण की महिमा का भावपूर्ण वर्णन करते हुए कहा कि शिव महापुराण सनातन धर्म के अठारह प्रमुख पुराणों में विशेष स्थान रखता है। इसमें भगवान शिव के स्वरूप, उनकी महिमा, उपासना एवं जीवन के आध्यात्मिक रहस्यों का विस्तार से वर्णन किया गया है। उन्होंने कहा कि शिव महापुराण का श्रद्धापूर्वक श्रवण एवं पाठ करने से मनुष्य समस्त पापों से मुक्त होकर अंत में शिवलोक को प्राप्त करता है। कथा के दौरान श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे नजर आए तथा पूरा कथा पंडाल महिला-पुरुष श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। श्रद्धालुओं ने मंत्रमुग्ध होकर कथा का श्रवण किया और भगवान शिव की भक्ति में लीन दिखाई दिए।
