बावजूद घटिया निर्माण का खेल
मालपुरा (सच्चा सागर)। उपखंड क्षेत्र में जायका योजना के तहत निर्मित पक्की नहरों में घटिया निर्माण सामग्री उपयोग के चलते गुणवत्ता सवालों के घेरे में है। उल्लेखनीय है कि जायका योजना के तहत करोड़ों रुपयों की लागत से लाम्बाहरिसिंह क्षेत्र में रामसागर बांध से जुड़ी नहरों का भी पक्का निर्माण कार्य करवाया गया था। जिसमें घटिया निर्माण सामग्री सहित अन्य समस्याओं को लेकर ग्रामीणों द्वारा बार बार शिकायतें व विरोध करने के बावजूद अधिकारियों ने कोई ध्यान देना मुनासिब नहीं समझा परिणामस्वरूप आज उस क्षेत्र में नहर किनारे बसे किसान हर वर्ष भारी रिसाव की समस्या झेलने को मजबूर हैं। खेतों में पानी भराव, भूमि कटाव और फसलों को नुकसान जैसी परेशानियां हर वर्ष किसानों की चिंता बढ़ाती है। करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद नहरों में दरारें पड़ गई। नहरें टिकाऊ साबित नहीं हुईं और अब उनकी खामियों का खामियाजा किसान भुगत रहे हैं। वहीं इन दिनों उपखंड क्षेत्र के चांदसेन बांध की नहरों में भी जायका योजना के अंतर्गत करोड़ों रुपयों की लागत से पक्की नहर निर्माण कार्य प्रगति पर है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। जागरूक ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते निर्माण कार्य व गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच नहीं करवाई गई, तो चांदसेन क्षेत्र की स्थिति भी भविष्य में लाम्बाहरिसिंह जैसी हो सकती है। जागरूक ग्रामीणों ने प्रशासन और सिंचाई विभाग से मांग की है कि निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय तकनीकी जांच करवाई जाए तथा गुणवत्ता मानकों की अनदेखी करने वाले जिम्मेदार लोगों पर कार्यवाही हो, ताकि करोड़ों रुपये की योजनाएं किसानों के लिए राहत बनने के बजाय परेशानी का कारण न बनें।
