टोरडी में गर्मी का डबल अटैक : बिजली कटौती और पेयजल संकट से लोग बेहाल


मालपुरा (सच्चा सागर)।
उपखंड क्षेत्र के टोरडी गांव में भीषण गर्मी के बीच अघोषित बिजली कटौती और पेयजल संकट ने ग्रामीणों की परेशानी कई गुना बढ़ा दी है। गर्म हवाओं और लगातार बढ़ते तापमान के बीच गांव के लोग मूलभूत सुविधाओं के लिए जूझने को मजबूर हैं। ग्रामीणों में बिजली विभाग और जलदाय विभाग के प्रति भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पिछले कई दिनों से बिना किसी सूचना के बार-बार बिजली कटौती की जा रही है। दिन हो या रात, घंटों तक बिजली गुल रहने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। भीषण गर्मी में पंखे और कूलर बंद होने से घरों में रहना मुश्किल हो गया है। सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को उठानी पड़ रही है। रात के समय बिजली कटौती से लोगों की नींद तक प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग द्वारा न तो कटौती का समय तय किया जा रहा है और न ही कोई संतोषजनक जवाब दिया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर गांव में पेयजल संकट भी लगातार गहराता जा रहा है। कई मोहल्लों में नियमित जलापूर्ति नहीं होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पानी की सप्लाई समय पर नहीं हो रही और कई स्थानों पर पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा। महिलाएं और बच्चे दूर-दूर तक पानी भरने के लिए भटकने को मजबूर हैं। गर्मी के इस दौर में पानी की कमी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों ने कहा कि बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं को लेकर बार-बार शिकायतें करने के बावजूद जिम्मेदार विभाग गंभीरता नहीं दिखा रहे। इससे लोगों में भारी रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव में बिजली व्यवस्था को सुचारु किया जाए तथा पेयजल समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि भीषण गर्मी में लोगों को राहत मिल सके।                       


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने