- सलीम खान
अलीगढ़ (सच्चा सागर)। स्थानीय क्षेत्र में संस्था प्रधानों की दो दिवसीय शैक्षिक वाक्पीठ संगोष्ठी का आयोजन पीएम श्री महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय अलीगढ़ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस संगोष्ठी में ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों के संस्था प्रधानों ने भाग लिया और विभागीय प्राथमिकताओं, प्रवेश उत्सव और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया। विभागीय कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उनियारा मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सीताराम मीणा रहे। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने सभी संस्था प्रधानों को निर्देशित किया कि वे विभागीय कार्यों को पूरी निष्ठा के साथ और समय सीमा में पूरा करें। उन्होंने विशेष रूप से राज्य सरकार द्वारा संचालित ‘प्रवेश उत्सव’, ‘आपनी लाडो योजना’, ‘यू-डाइस प्रविष्टि और छात्रवृत्ति योजनाओं के सुचारू संचालन पर जोर दिया। शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने रखा अपना पक्ष संगोष्ठी में शिक्षक और संस्था प्रधानों की समस्याओं एवं उनके कल्याण पर भी सार्थक चर्चा हुई। इस दौरान अखिल भारतीय राष्ट्रीय शिक्षक महासंघ उपशाखा उनियारा के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह गौड़ और प्राथमिक माध्यमिक शिक्षक संघ टोंक के जिलाअध्यक्ष हंसराज मीणा ने अपना विशेष उद्बोधन दिया। उन्होंने शिक्षकों की विभागीय समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण, उनके हितों के संरक्षण और विद्यालयों में शैक्षणिक माहौल को और अधिक सुदृढ़ बनाने के संबंध में अपने विचार साझा किए। शाला प्रबंधन और शैक्षणिक विषयों पर मंथन कार्यक्रम की अध्यक्षता हैदरीपुरा के प्रिंसिपल घनश्याम द्वारा की गई। संगोष्ठी के दौरान ब्लॉक प्रिंसिपल अध्यक्ष रामप्रसाद मीणा ने सभी उपस्थित संस्था प्रधानों को संबोधित करते हुए विभागीय दायित्वों को समय पर पूर्ण करने की बात दोहराई। संगोष्ठी के आयोजक एवं संयोजक पीएम श्री महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय अलीगढ़ के प्रधानाचार्य सत्येंद्र पाल सिंह ने शाला प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि किस प्रकार आधुनिक और प्रभावी प्रबंधन के माध्यम से विद्यालय के शैक्षणिक स्तर को बेहतर किया जा सकता है। स्वास्थ्य और नवाचार पर विशेष सत्र संगोष्ठी में न केवल प्रशासनिक बल्कि स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि हरपाल, रेखा कुमारी और रामप्रसाद की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर चिकित्सक द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता के अंतर्गत एचपीसी टीके के महत्व के बारे में जानकारी दी गई और बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण पर जोर दिया गया। आयोजित संगोष्ठी में सेवनिवृत्त प्रिंसिपल का सम्मान किया गया। कार्यक्रम के अंत में एक भावुक और सम्मानजनक क्षण भी आया, जब हाल ही में सेवानिवृत्त हुए प्रिंसिपल हनुमान मीणा सूथड़ा का ब्लॉक के सभी संस्था प्रधानों द्वारा माला व साफा पहनाकर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। उनकी दीर्घकालीन सेवाओं की सराहना करते हुए सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
