टोंक में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित


भूतेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल

टोंक (सच्चा सागर)।  भारत सरकार एवं राज्य सरकार के निर्देशानुसार सोमनाथ स्वाभिमान पर्व—1000 वर्ष की अखंड आस्था के उपलक्ष्य में सोमवार को टोंक जिले में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धापूर्वक किया गया। यह कार्यक्रम टोंक शहर स्थित श्री मंशापूर्ण भूतेश्वर महादेव मंदिर में भक्ति एवं उल्लास के वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन सोमनाथ मंदिर पर हुए प्रथम आक्रमण के 1000 वर्ष पूर्ण होने तथा स्वतंत्रता के पश्चात मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में व्यापक तैयारियां की गईं। श्रद्धालुओं के लिए बैठक व्यवस्था, पेयजल, ध्वनि विस्तारक यंत्र, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गईं। टोंक जिले के टोडारायसिंह स्थित भूतेश्वर महादेव राजकीय आत्मनिर्भर मंदिर में भी समानांतर रूप से कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां स्थानीय श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान भगवान शिव का विशेष श्रृंगार किया गया तथा विधिवत पूजन-अर्चन, रुद्राभिषेक एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ महाआरती का आयोजन हुआ। पूरे मंदिर परिसर में धार्मिक वातावरण व्याप्त रहा और श्रद्धालुओं ने बड़ी श्रद्धा के साथ अनुष्ठानों में भाग लिया। इस अवसर पर विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। इनमें जिलाध्यक्ष चन्द्रवीर सिंह चौहान, पूर्व सभापति लक्ष्मी जैन, प्रभु बाडोलिया, नीलिमा आमेरा, विष्णु शर्मा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर रामरतन सौकरिया, मुख्य कार्यकारी अधिकारी परशुराम धानका, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक विरेन्द्र सौंलकी तथा जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक संजय जैन सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक शामिल रहे। सभी ने पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं देश की खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया गया। इस दौरान देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को श्रद्धालुओं ने ध्यानपूर्वक सुना। साथ ही जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के संबोधन का भी लाइव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम के दौरान शिव भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं सामूहिक मंत्रोच्चार का आयोजन भी किया गया, जिससे वातावरण भक्तिमय बना रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति से आयोजन स्थल पर उत्साह और आस्था का विशेष संगम देखने को मिला। आयोजन में विभिन्न विभागों के अधिकारीगण, जनप्रतिनिधि एवं आमजन सहित करीब 300 प्रतिभागियों ने भाग लिया। संपूर्ण कार्यक्रम श्रद्धा, अनुशासन और सुव्यवस्थित तरीके से सम्पन्न हुआ।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने