- सलीम खान
उनियारा (सच्चा सागर)। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (विद्यालय शिक्षा) खण्ड़ उनियारा के तत्वावधान में शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं एवं मांगों को लेकर गुरुवार को जिला अतिरिक्त मंत्री लक्ष्मण लाल मीणा व खण्ड़ अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह गौड़ व मंत्री ललित शर्मा के नेतृत्व में शिक्षकों ने उनियारा उपखण्ड़ अधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन कर लम्बित मांगों व समस्याओं के समाधान को लेकर राज्य के मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री के नाम उनियारा उपखण्ड़ अधिकारी सुश्री पूजा मीणा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से शिक्षकों की समस्याओं एवं लंबित मांगों की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित किया गया। संगठन पदाधिकारियों ने बताया कि लम्बे समय से शिक्षकों की अनेक महत्वपूर्ण मांगें लंबित है। जिनके समाधान के लिए सरकार तक संगठित एवं प्रभावी आवाज पहुंचाना आवश्यक हो गया था। महासंघ ने प्रमुख मांगों में शिक्षकों को मिलने वाले ग्रीष्मावकाश सहित समस्त अवकाश यथावत रखने एवं सत्र 2026-27 के लिए जारी शिविरा कैलेंडर में संशोधन करने की मांग की। तृतीय वेतन श्रृंखला सहित शेष सभी संवर्गों के स्थानांतरण शीघ्र करने, तृतीय श्रेणी शिक्षकों की वर्षों से लंबित पदोन्नतियां करने तथा वर्ष 2019 से क्रमोन्नत विद्यालयों में स्टाफिंग पैटर्न के अनुसार पद सृजित कर वित्तीय स्वीकृति जारी करने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई। महासंघ ने शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त करने, आरजीएचएस योजना को सुचारू रूप से जारी रखने, प्रबोधक एवं तृतीय वेतन श्रृंखला शिक्षकों की वेतन विसंगतियों को दूर करने तथा संविदा शिक्षकों को नियमित करने सहित संगठन के लंबित मांगपत्र के बिंदुओं पर सरकार से सकारात्मक चर्चा कर समाधान करने की मांग की है। इस अवसर पर ज्ञापन सौंपने वालों में बजरंगलाल मीना, प्रधानाचार्य, आशाराम मीना, गिरधारी, रामस्वरूप सैनी, विकास, सोभाग, लखन बनवारी, ऋषिकेश, बृजेश, बृजमोहन सैनी सहित उनियारा ब्लॉक के शिक्षक प्रबोधक, पंचायत शिक्षक, पंचायत सहायक, वेतन विसंगति से पीडि़त शिक्षक, तृतीय श्रेणी स्थानांतरण एवं पदोन्नति से जुड़े शिक्षकों तथा शिक्षा विभाग से जुड़े कर्मचारी आदि शिक्षक, पदाधिकारी उपस्थित रहे।
