कुहाड़ा में सरकारी पाइप लाइन तोडऩे का मामला गरमाया

 

ग्रामीणों ने कार्यवाही की उठाई मांग 

टोड़ारायसिंह (सच्चा सागर)। कुहाड़ा ग्राम पंचायत क्षेत्र में सरकारी नल कनेक्शन और पाइप लाइन तोड़े जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि शिकायत और विरोध के बावजूद निजी जेसीबी मंगवाकर सरकारी पाइप लाइन को नुकसान पहुंचाया गया। ग्रामीणों के अनुसार, इस संबंध में प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को पहले ही पूरे मामले से अवगत कराया गया था, लेकिन समय रहते कोई प्रभावी कार्यवाही नहीं होने से सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा दिया गया। ग्रामीण हनुमान सिंह सहित अन्य लोगों ने पंचायत एवं एईएन कार्यालय को लिखित शिकायत सौंपकर मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि सरकारी नल कनेक्शन और पाइप लाइन आमजन की सुविधा के लिए लगाए गए थे, लेकिन उन्हें तोड़े जाने से क्षेत्र के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि क्षतिग्रस्त पाइप लाइन को जल्द से जल्द दोबारा लगवाया जाए तथा सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की जाए। अब क्षेत्र में यह सवाल भी उठने लगा है कि शिकायत मिलने के बाद भी प्रशासन ने समय रहते हस्तक्षेप क्यों नहीं किया और दोषियों पर कार्यवाही कब तक होगी।              


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने