सर्वसमाज ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन, नीरज चौधरी व परिवार की सुरक्षा की मांग


- राजेश मेघवंशी  

केकड़ी (सच्चा सागर)। केकड़ी के सर्वसमाज प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेजकर ग्राम पंचायत गुलगांव के प्रशासक नीरज चौधरी एवं उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा एफआईआर संख्या 99/2026 में निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई की मांग उठाई है। ज्ञापन की प्रतिलिपि जिला कलक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस उप अधीक्षक अजमेर को भी भेजी गई है। ज्ञापन में बताया गया कि नीरज चौधरी वर्तमान में ग्राम पंचायत गुलगांव में प्रशासक के रूप में कार्यरत हैं और उनके कार्यकाल में कई विकास कार्य पारदर्शिता के साथ करवाए गए। आरोप लगाया गया कि कुछ लोग व्यक्तिगत द्वेष के चलते उनके कार्यों में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। सर्वसमाज के अनुसार 20 मई को ग्राम पंचायत कार्यालय में तालाबंदी की सूचना मिलने पर नीरज चौधरी मौके पर पहुंचे थे। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों एवं पुलिस की मौजूदगी में समझाइश की जा रही थी, तभी कुछ लोग आक्रोशित हो गए और नीरज चौधरी व उनके परिवारजनों के साथ कथित मारपीट की गई, जिससे वे घायल हो गए। मामले में केकड़ी सदर थाने में रिपोर्ट भी दर्ज करवाई गई है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि कार्यवाही से बचने के लिए विरोधी पक्ष द्वारा नीरज चौधरी एवं उनके परिवार के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज करवाए गए हैं तथा सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार किया जा रहा है। साथ ही लगातार धमकियां मिलने से परिवार को जान-माल का खतरा बताया गया है। सर्वसमाज ने मुख्यमंत्री से मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही करने एवं नीरज चौधरी व उनके परिवार को सुरक्षा उपलब्ध करवाने की मांग की।     


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने