पीपलू (सच्चा सागर)। झिराना थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुरा छोटा ठाठा गांव में अवैध बजरी के खिलाफ पुलिस कार्यवाही के बाद रंजिश का मामला सामने आया है। एक युवक ने आरोप लगाया है कि उसे लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं और सोशल मीडिया पर उसकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार इब्राहिमपुरा छोटा ठाठा निवासी भरत राज यादव पुत्र रामलाल यादव ने झिराना थानाधिकारी को लिखित शिकायत देकर बताया कि कुछ समय पहले पुलिस ने एमएमआरडी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए बजरी से भरे एक ट्रैक्टर को पकड़ा था। बताया जा रहा है कि यह ट्रैक्टर मोलीपुरा निवासी हनुमान यादव का था। पीडि़त भरत राज यादव ने शिकायत में बताया कि करीब दो महीने पहले हुए सडक़ हादसे के बाद वह बेड रेस्ट पर है और उसका उक्त पुलिस कार्यवाही से कोई संबंध नहीं है। इसके बावजूद ट्रैक्टर मालिक इस गलतफहमी में रंजिश रखे हुए है कि कार्यवाही उसकी सूचना पर हुई थी। पीडि़त ने आरोप लगाया कि आरोपी लगातार फोन पर जान से मारने की धमकियां दे रहा है। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से उसे बदनाम किया जा रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए झिराना थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अवैध बजरी कार्यवाही के बाद युवक को मिल रही जान से मारने की धमकियां
0