मानसून से पहले सिंचाई नहर व नालियों की सफाई की मांग


नासिरदा (सच्चा सागर)।
टोंक जिले की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत नासिरदा में सिंचाई नहर एवं नालियों की लंबे समय से सफाई नहीं होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गंदगी और जलभराव के कारण क्षेत्र में मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ गया है, वहीं बदबू से लोगों का जीना दूभर हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि कस्बे के 17 वार्डों में नालियों की नियमित सफाई नहीं हो रही है। जगह-जगह गंदा पानी जमा रहने से सडक़ें कीचड़ से भर गई हैं और आमजन को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि टोंक सिंचाई नहर के अधिकारी एवं कर्मचारी समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। सिंचाई नहर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है, लेकिन उसकी मरम्मत और सफाई को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। लोगों ने बताया कि सालभर में एक बार भी नहर की सफाई नहीं होती है। वहीं ग्राम पंचायत नासिरदा की उदासीनता के चलते कस्बे की सफाई व्यवस्था भी चरमराई हुई है। नालियों में जमा गंदगी और बदबू से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन एवं ग्राम पंचायत से मानसून शुरू होने से पहले सिंचाई नहर और नालियों की व्यापक सफाई कराने तथा क्षतिग्रस्त नहर की मरम्मत करवाने की मांग की है, ताकि बरसात के दौरान जलभराव और बीमारियों की समस्या से राहत मिल सके।               


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने