नहीं लगा ट्रांसफॉर्मर
लांबाहरिसिंह (सच्चा सागर)। भीषण गर्मी के दौर में जहां आमजन पहले ही गर्म हवाओं और तपते मौसम से परेशान हैं, वहीं बिजली विभाग की अनदेखी ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। घरों में पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण सही तरीके से नहीं चल पाने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कुछ दिन पूर्व बापू नगर हुडको कॉलोनी की महिलाओं ने भी बिजली समस्या को लेकर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा था, लेकिन इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया। उपभोक्ताओं का कहना है कि उनके घरों से ट्रांसफार्मर की दूरी अधिक होने के कारण पर्याप्त वोल्टेज नहीं मिल पा रहा है। इससे न केवल गर्मी में राहत देने वाले उपकरण प्रभावित हो रहे हैं, बल्कि अन्य विद्युत उपकरणों के खराब होने का खतरा भी बना हुआ है। स्थानीय निवासी अशोक शर्मा ने बताया कि लो वोल्टेज की वजह से पंखे और कूलर नाममात्र ही चल पा रहे हैं। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद विभाग केवल आश्वासन ही दे रहा है। यह मुद्दा नगर पालिका की शहरी वार्ड सभा में भी उठाया गया था, जहां अधिकारियों ने 10 मई तक ट्रांसफार्मर पर डीपी लगाने का आश्वासन दिया था। विभाग द्वारा इसके लिए चार विद्युत पोल भी लगा दिए गए, लेकिन अब तक डीपी नहीं लगाई गई। ऐसे में भीषण गर्मी के बीच लोगों का हाल बेहाल बना हुआ है। क्षेत्रवासियों ने विभाग से जल्द डीपी लगाकर लो वोल्टेज और बिजली कटौती की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है, ताकि गर्मी के इस मौसम में आमजन को राहत मिल सके।
