ग्रामीणों को योजनाओं का मिल रहा त्वरित लाभ, बढ़ा विश्वास
टोंक (सच्चा सागर)। राज्य सरकार द्वारा संचालित ग्राम रथ अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में सुशासन एवं त्वरित समस्या समाधान का प्रभावी माध्यम बनकर उभर रहा है। इस अभियान के तहत मौके पर ही आमजन की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है, जिससे सरकार के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हो रहा है। साथ ही ग्राम रथ के माध्यम से किसानों एवं ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें जागरूक भी किया जा रहा है। तहसील देवली की ग्राम टोडा का गोठड़ा निवासी पाना देवी इस अभियान से लाभान्वित होने वाले प्रमुख उदाहरणों में शामिल हैं। उनके पास लगभग 3 हेक्टेयर कृषि भूमि है, जहां ऊबड़-खाबड़ जमीन और पानी की कमी के कारण सिंचाई एक बड़ी चुनौती थी। अधिक लागत और सीमित जल उपलब्धता के कारण फसल उत्पादन प्रभावित हो रहा था। हॉर्टिकल्चर विभाग के अधिकारियों के मार्गदर्शन में उन्होंने सूक्ष्म सिंचाई योजना के तहत स्प्रिंकलर प्रणाली अपनाई। राज किसान पोर्टल के माध्यम से आवेदन करने के बाद उन्हें प्रशासनिक स्वीकृति मिली और स्प्रिंकलर सेट क्रय करने पर 75 प्रतिशत तक अनुदान के तहत 32 हजार 492 रुपए की राशि सीधे उनके बैंक खाते में जमा की गई। अब कम पानी में भी पूरी भूमि की सिंचाई संभव हो गई है और उत्पादन में भी वृद्धि दर्ज की गई है। पाना देवी ने इसके लिए राज्य सरकार एवं विभाग का आभार व्यक्त किया। इसी प्रकार तहसील पीपलू की ग्राम पंचायत अरनिया काकड़ निवासी केदार जाट को कृषि यंत्र योजना के तहत सब्सिडी प्राप्त हुई, जिससे उन्होंने आधुनिक कृषि यंत्र खरीदे। इससे समय, श्रम और लागत में कमी आई है, साथ ही फसल की गुणवत्ता एवं उत्पादन क्षमता में भी सुधार हुआ है। केदार जाट ने कृषि विभाग एवं राज्य सरकार के प्रति आभार जताया। ग्राम कठमाणा निवासी काली पत्नी श्योजी गुर्जर को कृषि यंत्र योजना के तहत कुट्टी काटने की मशीन पर 15 हजार रुपए का अनुदान मिला। इससे पशुओं के लिए चारा काटने का कार्य आसान हो गया है और समय व मेहनत दोनों की बचत हुई है। वहीं इसी गांव के किसान किशन लाल ने फार्म पॉण्ड निर्माण के लिए आवेदन किया, जिसके तहत उन्हें 63 हजार रुपए की अनुदान राशि प्राप्त हुई। फार्म पॉण्ड बनने से वर्षा जल का संरक्षण संभव हुआ है, जिससे भूजल स्तर में सुधार हुआ और सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता सुनिश्चित हुई है। ग्राम रथ अभियान के माध्यम से इस प्रकार की योजनाओं का लाभ सीधे पात्र व्यक्तियों तक पहुंच रहा है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है और किसानों की आय में भी वृद्धि हो रही है। लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए इस अभियान को जनहितकारी बताया है।
