ईओ तुलसी देवी चौधरी ने मनरेगा कार्यस्थल का किया निरीक्षण

 

श्रमिकों को दिए आवश्यक निर्देश   

लांबाहरिसिंह (सच्चा सागर)। नगर पालिका लांबाहरिसिंह क्षेत्र में मनरेगा योजना के तहत चल रहे श्रमिक पखवाड़े के दौरान मंगलवार को अधिशासी अधिकारी तुलसी देवी चौधरी ने केकड़ी रोड स्थित बिलेडा बालाजी के पास चल रहे मिट्टी कार्य का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान ईओ ने कार्यस्थल पर सात मेटों के निर्देशन में कार्य कर रहे करीब 120 श्रमिकों की उपस्थिति एवं कार्य प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने श्रमिकों को निर्धारित टास्क के अनुसार कार्य पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि कार्य समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरा होने से श्रमिकों को पूरी मजदूरी का लाभ मिल सकेगा। ईओ तुलसी देवी चौधरी ने मेटों को समूहवार कार्य आवंटित करने तथा किए गए कार्य की सही माप दर्ज कर मस्टरोल में अंकित करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यस्थल पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने श्रमिकों के लिए छाया, पेयजल एवं प्राथमिक उपचार दवाइयों की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान परिसर में लगाए गए पेड़-पौधों की देखरेख को लेकर भी विशेष जोर दिया गया। ईओ ने संबंधित कार्मिकों को पौधों को समय पर पानी देने एवं उनकी नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। वहीं भीषण गर्मी को देखते हुए श्रमिकों ने कार्य समय में कमी करने की मांग भी अधिकारियों के समक्ष रखी। इस अवसर पर मेट धनराज सेन, ओमप्रकाश वैष्णव, रामावतार खटीक, रामावतार वैष्णव, महेंद्र चौधरी, कैलाश चौधरी एवं सुरेखा पाटीदार सहित अन्य मौजूद रहे।      


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने