- विनोद धर्मानी
देवली (सच्चा सागर)। नर्सेज ने कार्यालय खण्ड मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी देवली के सभागार में मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय नर्सेज दिवस मनाया। इस अवसर पर वर्ष 2026 की थीम ‘हमारी नर्स हमारा भविष्य, सशक्त नर्स जीवन बचाती है’ पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में राजकीय उप जिला अस्पताल प्रभारी डॉ. रविराज सिंह, डॉ. कुलदीप और ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर रणजीत सिंह मौजूद रहे। राजस्थान नर्सिंग यूनियन के खेमराज चौधरी ने स्वास्थ्य सेवा प्रणाली को मजबूत करने, संसाधनों की कमी को दूर करने और रोगियों की देखभाल में सुधार करने के लिए नर्सेज साथियों से आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सेवा का जो अवसर मिला है, उसे व्यर्थ न जाने दें और सुरक्षित कार्यस्थल के साथ नेतृत्व की भूमिका निभाएं। उप जिला चिकित्सालय अध्यक्ष आशीष मेघवंशी ने फ्लोरेंस नाइटेंगल की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इंटरनेशनल काउंसिल ऑफ नर्सेज द्वारा पहली बार 1974 में इस दिन को आधिकारिक रूप से तय किया गया था, जिसके बाद से हर साल 12 मई को यह दिवस मनाया जा रहा है। शर्मिला मीणा ने नर्सेज को समर्पित भाव से सेवा करने की प्रेरणा दी। उन्होंने बताया कि ‘लेडी विद द लैंप’ के नाम से मशहूर फ्लोरेंस नाइटेंगल का जन्म इटली के फ्लोरेंस में एक समृद्ध परिवार में हुआ था, इसके बावजूद उन्होंने सेवा का मार्ग चुना। 1854 के क्रीमिया युद्ध में उनके द्वारा की गई सैनिकों की सेवा आज भी मिसाल है। कार्यक्रम में नवल पारीक, रासबिहारी शर्मा, माया वर्मा, पंकज चौहान और जिनेंद्र जैन सहित उपखण्ड के कई नर्सेज उपस्थित रहे।
