मालपुरा (सच्चा सागर)। शनिवार शाम मालपुरा क्षेत्र में आए तेज चक्रवाती तूफान ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। शहर के ट्रक स्टैंड स्थित बेसक्या बालाजी के पास तेज हवा के दौरान एक तीन मंजिला मकान की पक्की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में ईंटों के नीचे दबने से बालिका प्रियंका नायक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसकी मां संतोष नायक, छोटी बहन दीपिका एवं भाई अविनाश गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार तेज आंधी के बीच अचानक दीवार गिरने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को मलबे से बाहर निकाला और मालपुरा जिला अस्पताल पहुंचाया। घायलों में संतोष नायक की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए जयपुर रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही थाना अधिकारी चेनाराम बेड़ा जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी लेते हुए उपचार व्यवस्था का जायजा लिया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में लोग अस्पताल व पीडि़त परिवार के घर पहुंचे।
दुखद हादसे पर मंत्री चौधरी ने जताया शोक
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं भू-जल मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने रविवार को मालपुरा पहुंचकर आंधी-तूफान से हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने ट्रक स्टैंड के पास हुए इस दुखद हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतका प्रियंका नायक के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। मंत्री चौधरी ने पीडि़त परिवार को हरसंभव सरकारी सहायता दिलाने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदा राहत कोष के तहत नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को भी प्रभावित परिवार की हरसंभव मदद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
