नाड़ी में डूबने से युवक की मौत, गांव में पसरा मातम


टोड़ारायसिंह (सच्चा सागर)।
थाना क्षेत्र के दाबड़दूबा गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में युवक की नाड़ी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। जानकारी के अनुसार दाबड़दूबा निवासी महेंद्र मीणा पशुओं को पानी पिलाने के लिए गांव की नाड़ी पर गया था। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद परिवारजन और ग्रामीण उसकी तलाश में जुट गए। खोजबीन के दौरान ग्रामीण नाड़ी पर पहुंचे, जहां महेंद्र का शव पानी में तैरता हुआ मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया। इसके बाद शव को उप जिला अस्पताल पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।  घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए लोगों से नाडिय़ों, तालाबों और अन्य जलाशयों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। हाल ही में क्षेत्र में हुई बारिश के बाद जलाशयों में पानी भरने से ऐसे स्थानों पर दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है।    


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने