राधा देवी चौधरी ने दिया संस्कृति संरक्षण का संदेश
मालपुरा (सच्चा सागर)। उपखंड क्षेत्र के टोरडी सागर गांव की उपरली बाडिया वार्ड संख्या 9 में शिव निर्माण समिति के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय भव्य प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का गुरुवार को वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक अनुष्ठानों के साथ श्रद्धा और उल्लासपूर्ण वातावरण में समापन हुआ। महोत्सव के अंतिम दिन सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल से गूंज उठा। कार्यक्रम के तहत नित्यर्चन, हवन, मूर्ति न्यास, महास्नान एवं वैदिक विधि-विधान के साथ भगवान की मूर्तियों की विधिवत प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न कराई गई। आचार्यों द्वारा मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुए धार्मिक अनुष्ठानों में ग्रामीणों ने बढ़-चढक़र भाग लिया। इसके पश्चात पूर्णाहुति, महाआरती एवं विशाल प्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर धर्म लाभ अर्जित किया। महोत्सव में राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री कन्हैयालाल चौधरी की धर्मपत्नी राधा देवी चौधरी ने विशेष रूप से शिरकत कर पूजा-अर्चना की तथा ग्रामीणों को धार्मिक एकता एवं संस्कारों का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराएं हमारी सबसे बड़ी धरोहर हैं। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में भाईचारा, सकारात्मकता और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि गांवों में इस प्रकार के धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और संस्कारों से जुडऩे की प्रेरणा मिलती है। राधा देवी चौधरी ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीणों की एकजुटता और श्रद्धा से आयोजित यह महोत्सव क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना भी की।
