251 कन्याओं को कराई पंगत प्रसादी
लाम्बाहरिसिंह (सच्चा सागर)। सनातन धर्म में विशेष महत्व रखने वाले गंगा दशहरा पर्व के अवसर पर लंबी गली स्थित करीब 250 वर्ष पुराने (विक्रम संवत 1811 स्थापना) मंदिर में गंगा मैया एवं शिव पंचायत मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। दो दिवसीय धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं ने हवन कुंड में आहुतियां देकर सुख-समृद्धि एवं क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। मंदिर के पुजारी कृष्ण गोपाल शर्मा ने बताया कि गंगा मैया एवं शिव पंचायत प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव विद्वान आचार्य सत्यनारायण शर्मा एवं राजकुमार शास्त्री मालपुरा के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ सम्पन्न कराया गया। कार्यक्रम के दौरान गणपति, मातृका, नवग्रह, क्षेत्रपाल, वास्तु, लिंगतोभद्र, सर्वतोभद्र, रुद्र कलश सहित आवाहित देवी-देवताओं का पूजन-अर्चन, महास्नान एवं हवन यज्ञ आयोजित हुआ। अभिजीत मुहूर्त में गंगा मैया एवं गंगेश्वर महादेव की नूतन मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा सम्पन्न हुई। प्रधान यजमान दीनदयाल पंचोली, राजाराम गौतम, पवन गौतम एवं गोविंद शर्मा ने हवन यज्ञ में आहुतियां दी। इसके बाद महाआरती कर भोग लगाकर श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। गंगा दशहरा पर्व पर श्रद्धालुओं ने ‘नमो भगवते दशपापहराये गंगाये नारायण्ये...’ मंत्रोच्चार के साथ गंगा मैया के जयकारे लगाए एवं मंदिर की परिक्रमा की। प्राण प्रतिष्ठा के बाद मंदिर का नामकरण ‘गंगेश्वर महादेव’ किया गया तथा श्रद्धालुओं ने ‘गंगेश्वर महादेव की जय’ और ‘गंगा मैया की जय’ के जयघोष लगाए। मंदिर परिसर रामधुन, हरिकीर्तन और भजनों से गुंजायमान हो उठा। दो दिवसीय कार्यक्रम की पूर्णाहुति पर 251 कन्याओं एवं 15 मंदिरों के पुजारियों को पंगत प्रसादी कराकर दक्षिणा दी गई। इस अवसर पर ज्योतिषाचार्य जगदीश प्रसाद शर्मा, संयुक्त व्यापार मंडल अध्यक्ष महेंद्र अग्रवाल, दीनदयाल पंचोली, राजाराम गौतम, पवन शर्मा, महावीर प्रसाद पाराशर, कमल बाहेती, हनुमान माली, महिला सत्संग मंडल सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे।
