हादसों के बाद भी नहीं टूटी जिम्मेदारों की बेशर्मी, फिर गिरा चलते ट्रेलर से विशाल पत्थर


टला एक बड़ा हादसा

मालपुरा (सच्चा सागर)। जयपुर-भीलवाड़ा स्टेट हाईवे पर चांदसेन बांध के पास बुधवार को पत्थरों से लदे ट्रेलर से भारी ग्रेनाइट ब्लॉक सडक़ पर गिर गया। गनीमत रही कि उस समय पीछे कोई वाहन नहीं था, वरना एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो सकता था। घटना के बाद कुछ देर तक हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। सबसे गंभीर बात यह है कि उपखंड क्षेत्र में पहले भी कई बार ट्रेलरों से ग्रेनाइट पत्थर के भारी ब्लॉक गिरने की घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें हादसे और जनहानि तक हो चुकी है। इसके बावजूद परिवहनकर्ताओं और जिम्मेदार विभागों पर कोई असर दिखाई नहीं दे रहा। बिना सुरक्षा मानकों, बिना मजबूत जकडऩ और खुलेआम ओवरलोड तरीके से पत्थरों के विशाल ब्लॉकों का परिवहन लगातार जारी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन और परिवहन विभाग की ढिलाई ने हाईवे को  ‘चलता फिरता खतरा’ बना दिया है। नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं। सवाल यह उठ रहा है कि आखिर हर बार हादसे के बाद भी कार्रवाई केवल कागजों तक ही क्यों सीमित रह जाती है? हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों में भी भारी रोष है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो किसी दिन यह लापरवाही कई परिवारों पर भारी पड़ सकती है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि बिना सुरक्षा उपकरणों और मानकों के चल रहे ऐसे ट्रेलरों पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा जिम्मेदार परिवहनकर्ताओं के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाए।          


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने