निवाई में मेडिकल बंद का व्यापक असर : केमिस्टों ने एकजुट होकर बुलंद की आवाज


निवाई (सच्चा सागर)।
राजस्थान केमिस्ट एलायंस के मार्गदर्शन में ‘ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स’ द्वारा आहूत देशव्यापी मेडिकल बंद का निवाई शहर में व्यापक असर देखने को मिला। बुधवार को शहर के दवा व्यापारियों ने एकजुट होकर अपने-अपने प्रतिष्ठान बंद रखे और ऑनलाइन फार्मेसी के खिलाफ अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया। निवाई केमिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि यह बंद दवा व्यापार में बढ़ती विसंगतियों, विशेषकर ऑनलाइन दवा बिक्री और ई-फार्मेसी को मिल रही अवैध छूट के विरोध में रखा गया है। व्यापारियों का कहना है कि ऑनलाइन कंपनियां बिना किसी सख्त नियमन और उचित प्रिस्क्रिप्शन वेरिफिकेशन के दवाइयां बेच रही हैं, जिससे आमजन के स्वास्थ्य को खतरा है और पारंपरिक दवा विक्रेताओं के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। बंद के दौरान शहर के मुख्य बाजारों से लेकर मोहल्लों तक की सभी दवा दुकानें पूरी तरह बंद रहीं। एसोसिएशन ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं और मांगों को लेकर यह बंद पूरी तरह सफल रहा। संगठन की एकता का परिचय देते हुए सभी साथियों ने भरपूर सहयोग किया। एसोसिएशन के अनुसार, जब तक सरकार ई-फार्मेसी पर सख्त कानून नहीं बनाती और खुदरा व्यापारियों के हितों की रक्षा नहीं करती, तब तक आंदोलन की यह चिंगारी जारी रहेगी।  


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने