वंदे गंगा संरक्षण अभियान के तहत विद्यार्थियों ने किया पौधारोपण व स्वच्छता कार्यक्रम


टोड़ारायसिंह (सच्चा सागर)।
उपखण्ड क्षेत्र के गांव कुहाड़ा बुजुर्ग स्थित राजकीय विद्यालय में बुधवार को  ‘वंदे गंगा संरक्षण अभियान’ के तहत विद्यार्थियों द्वारा पौधारोपण एवं स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के अंतर्गत छात्र-छात्राओं ने विद्यालय परिसर में विभिन्न छायादार एवं उपयोगी पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। साथ ही विद्यालय में पहले से लगे जीवित पेड़-पौधों को पानी पिलाया तथा परिसर की साफ-सफाई कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। प्रभारी शिक्षक मनीष चौधरी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य आमजन में जल एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। विद्यार्थियों को पौधारोपण के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए अधिक से अधिक पेड़ लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए पौधारोपण बेहद आवश्यक है तथा जल संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी जरूरत बन चुका है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने ‘जल है तो कल है’ और ‘पेड़ लगाओ-पर्यावरण बचाओ’ जैसे संदेश देकर लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया। इस अवसर पर छात्रा चिंकी खाती, संजू जाट, ममता शर्मा, खुशी जाट, अक्षरा दाधीच तथा छात्र विकास जांगिड़, संदीप सोलंकी, दशरथ जाट, खुशीराम माली सहित अन्य विद्यार्थी मौजूद रहे।      


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने