चरागाह भूमि पर चला प्रशासन का बुलडोजर, वर्षों पुराने अतिक्रमण ध्वस्त


लांबाहरिसिंह (सच्चा सागर)।
कस्बे में प्रशासन द्वारा चरागाह एवं सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमणों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। नगर पालिका, राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त मौजूदगी में बुधवार को नई पानी की टंकी, खेल मैदान एवं हुडको कॉलोनी के पास स्थित करीब 6 बीघा चरागाह भूमि खसरा नंबर 533 एवं 534/3 को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। कार्रवाई के दौरान वर्षों से किए गए अवैध कब्जों पर जेसीबी मशीनें चलीं और पक्की चारदीवारियां, तारबंदी तथा कांटेदार बाड़ों को हटाया गया। नगर पालिका ईओ तुलसी देवी चौधरी ने बताया कि अतिक्रमणकारियों को कई बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन कब्जे नहीं हटाए गए। इसके बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि पिछले सप्ताह भी करीब 50 बीघा चरागाह भूमि, 4 बीघा 3 बिस्वा स्कूल आवंटित भूमि तथा 8 बीघा सीएचसी आवंटित भूमि को चार जेसीबी मशीनों की मदद से अतिक्रमण मुक्त कराया गया था। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार कई स्थानों पर लोगों ने पक्के निर्माण कर लिए थे, जिससे खेतों के रास्ते तक बंद हो गए थे। वहीं कुछ लोगों द्वारा चरागाह भूमि पर अवैध रूप से मकान बनाकर निवास किया जा रहा था। ऐसे लोगों को मकान खाली करने के नोटिस भी दिए गए हैं। तहसीलदार पवन मातवा ने चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में दोबारा सरकारी भूमि पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मुक्त कराई गई चरागाह भूमि की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में ईओ तुलसी चौधरी, तहसीलदार पवन मातवा, पटवारी चैनाराम मेघवंशी, गुलगांव हल्का पटवारी ओमप्रकाश चौधरी, पालिका जेईएन शिमला चौधरी तथा पुलिस जाब्ता मौजूद रहा। इधर, सीएचसी भूमि से अतिक्रमण हटने के बाद चिकित्सा विभाग एवं संबंधित ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी तेज कर दी गई है। निर्माण से पहले मौके पर बबूल कटाई का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।   


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने