पशु चिकित्सालय दूनी में डॉ. मीणा ने पदभार ग्रहण किया
टोंक (सच्चा सागर)। पशुपालन विभाग के उच्चाधिकारियों के निर्देश पर डॉ. दीप्ति मीणा ने प्रथम श्रेणी पशु चिकित्सालय दूनी के प्रभारी पद पर पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण के अवसर पर नवनियुक्त प्रभारी डॉ. दीप्ति ने कहा कि पशुचिकित्सालय में आने वाले रोगी पशुओं को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना एवं पशुपालकों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करना उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य है कि सभी कार्मिक समय पर चिकित्सालय आएं और रोगी पशुओं का उपचार सेवा भाव के साथ करें।
स्टाफ ने डॉ. मीणा का साफा एवं शॉल ओढ़ाकर तथा बुके भेंटकर स्वागत किया
पदभार ग्रहण के बाद चिकित्सालय के समस्त स्टाफ ने नव नियुक्त प्रभारी डॉ. मीणा का साफा एवं शॉल ओढ़ाकर तथा बुके भेंटकर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। डॉ. दीप्ति ने कहा कि दवाईयों के अभाव में किसी भी पशुपालक को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कार्मिकों को निर्देश दिए कि वह चिकित्सालय में आने वाले, पशुपालकों के साथ अच्छा बर्ताव करें। साथ ही, पशुपालकों को चिकित्सा सेवाओं के साथ-साथ सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में अपना सहयोग करें। नव नियुक्त प्रभारी मीणा ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद चिकित्सालय का निरीक्षण करते हुए पशुपालकों को मिल रहे उपचार की जानकारी ली एवं चिकित्सकों व चिकित्सा स्टाफ को अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सालय के रोगी पंजीकरण कक्ष, औषधि वितरण एवं औषधि भंडार आदि का भी निरीक्षण किया।
चिकित्सालय परिसर में बैठक लेकर कार्मिकों को दिए निर्देश
नव नियुक्त प्रभारी डॉ. दीप्ति ने चिकित्सालय परिसर में कार्मिकों की बैठक लेकर निर्देश देते हुए कहा कि हॉस्पिटल के समस्त कार्मिक, राज्य सरकार की मंशा अनुसार जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पशुपालकों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें, इसमें किसी भी तरह की लापरवाही को स्वीकार नहीं किया जाएगा। डॉ. मीणा ने कहा कि उच्चाधिकारियों के मार्गदर्शन में अस्पताल की अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में भी सुधार करने के प्रयास किए जाएंगे। इस अवसर पर पशुचिकित्सा सहायक रामदास धाकड़ समेत पशु चिकित्सालय के समस्त कार्मिक मौजूद रहे।
