निवाई में ‘नंदिनी भगवान’ बना आकर्षण का केंद्र, गौसेवा की अनोखी मिसाल पेश कर रहे ज्वेलर्स संचालक


निवाई (सच्चा सागर)।
निवाई शहर में इन दिनों एक अनोखा दृश्य लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां स्थित महाकालेश्वर ज्वेलर्स की दुकान पर प्रतिदिन एक गौवंश आकर पूरे दिन शांति से बैठता है। दुकान संचालक इसे आस्था और भगवान का स्वरूप मानते हुए ‘नंदिनी भगवान’ कहकर पुकारते हैं। खास बात यह है कि दुकान खुलने के बाद सबसे पहले नंदिनी भगवान की पूजा-अर्चना की जाती है, उसके बाद ही कारोबार शुरू होता है। दुकान संचालक दिनेश सोनी ने बताया कि करीब चार वर्ष पहले जब यह गौवंश छोटा था, तभी से उनकी दुकान पर आने लगा था। धीरे-धीरे उसके साथ ऐसा आत्मीय रिश्ता बन गया कि अब वह प्रतिदिन सुबह लगभग 10 बजे दुकान पर पहुंच जाता है और शाम करीब 4 बजे तक वहीं बैठा रहता है। इसके बाद वह बाजार में घूमने निकल जाता है और अगले दिन फिर समय पर दुकान पहुंच जाता है। दिनेश सोनी ने बताया कि वे जिस प्रकार का भोजन स्वयं ग्रहण करते हैं, उसी प्रकार का भोजन नंदिनी भगवान को भी प्रेमपूर्वक खिलाते हैं। उसके भोजन के लिए विशेष रूप से चांदी की थाली का उपयोग किया जाता है। पूजा-अर्चना के बाद ही ग्राहकों को सामान दिखाने और बिक्री का कार्य शुरू किया जाता है। यह परंपरा पिछले कई वर्षों से लगातार चली आ रही है। दुकान पर आने वाले ग्राहक भी इस अनोखी श्रद्धा और प्रेम को देखकर प्रभावित होते हैं। सबसे खास बात यह है कि दिनभर दुकान में बैठे रहने के बावजूद नंदिनी भगवान कभी किसी ग्राहक को परेशान नहीं करते। कई लोग तो विशेष रूप से इस अनोखे दृश्य को देखने के लिए दुकान तक पहुंच रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि आज के समय में जहां लोग पशु-पक्षियों से दूरी बनाते जा रहे हैं, वहीं दिनेश सोनी द्वारा गौवंश के प्रति दिखाई जा रही सेवा, श्रद्धा और संवेदनशीलता समाज के लिए प्रेरणादायक है। यह नजारा न केवल लोगों को भारतीय संस्कृति और गौसेवा की याद दिलाता है, बल्कि जीवों के प्रति प्रेम और करुणा का संदेश भी दे रहा है।         


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने