-भगवान गौतम
रानोली (सच्चा सागर)। नवरंगपुरा गांव में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहाँ सार्वजनिक तालाब के पास मुख्य रास्ते पर तीन दिन पहले (शुक्रवार को) आई तेज आंधी-तूफान के कारण एक विद्युत पोल (खंभा) और उस पर लगी डीपी (ट्रांसफार्मर) धराशायी हो गए। गनीमत रही कि हादसे के वक्त वहां कोई मौजूद नहीं था, वरना बड़ा जानी नुकसान हो सकता था। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि मुख्य रास्ते पर भारी-भरकम पोल और ट्रांसफार्मर गिरने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो चुका है। ग्रामीणों द्वारा घटना के तुरंत बाद ही संबंधित विभागीय कर्मचारियों और डिस्कॉम के अधिकारियों को फोन पर इसकी सूचना दे दी गई थी। इसके बावजूद तीन दिन बीत जाने के बाद भी बिजली विभाग का कोई कर्मचारी या जिम्मेदार अधिकारी मौके पर सुध लेने नहीं पहुंचा है। ग्रामीणों ने बताया कि सार्वजनिक तालाब के पास मुख्य मार्ग पर दिनभर ग्रामीणों, बच्चों और मवेशियों की आवाजाही बनी रहती है। रास्ते में गिरे तारों और ट्रांसफार्मर के कारण हर समय बड़े हादसे का डर सता रहा है।
