तीन दिन में हटाएं अतिक्रमण, वरना होगी सख्त कार्यवाही

विरोध करने वालों पर भी होगी कानूनी कार्यवाही

टोड़ारायसिंह (सच्चा सागर)। उपखंड की ग्राम पंचायत पंवालिया प्रशासन ने नया तालाब की पानी आव क्षेत्र में किए गए अतिक्रमण को लेकर सख्त रुख अपनाया है। पंचायत प्रशासन की ओर से अतिक्रमणकारियों को तीन दिन के भीतर कब्जे हटाने का अल्टीमेटम दिया गया है। पंचायत प्रशासक रामपाल राव एवं ग्राम विकास अधिकारी रामप्रसाद चौधरी द्वारा जारी सार्वजनिक नोटिस में बताया गया कि तालाब की आव क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा मिट्टी डालकर, बबूल की लकडिय़ां रखकर तथा अन्य तरीकों से अतिक्रमण किया गया है, जिससे जल संरक्षण क्षेत्र प्रभावित हो रहा है। नोटिस के अनुसार संबंधित लोगों को आगामी तीन दिवस के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समय सीमा के बाद ग्राम पंचायत प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी। पंचायत प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार का विरोध या व्यवधान उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। साथ ही समस्त ग्रामवासियों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।      


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने