‘जय बाबा री’ के जयकारों से गूंजा लांबाहरिसिंह, बाबा रामदेवजी की भव्य शोभायात्रा निकली


लांबाहरिसिंह (सच्चा सागर)।
रेगरान मोहल्ले में सकल रेगर समाज के तत्वावधान में नव निर्मित मंदिर में लोक देवता बाबा रामदेवजी महाराज, संत रैदासजी महाराज, गंगा मैया एवं शिव पंचायत मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर आयोजित तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम के दूसरे दिन गुरुवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत माहौल देखने को मिला। ज्योतिष आचार्य पंडित पूरणचंद शर्मा शास्त्री एवं विद्वान पंडित सत्यप्रकाश शर्मा के सानिध्य में मंदिर प्रांगण में 51 जोड़ों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ महायज्ञ एवं हवन में आहुतियां देकर क्षेत्र में सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई। इस दौरान बाबा रामदेवजी, संत रैदासजी, श्रीगणेश, भगवान शिव, राम-कृष्ण, भैरव अष्टक, गोपाल सहस्त्रनाम, नवग्रह, दुर्गा एवं लक्ष्मी-कुबेर पूजन सहित विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न करवाए गए। सनातन वैदिक परंपरा के अनुसार मूर्तियों का विशेष पूजन कर औषधि स्नान, जलाभिषेक, पंचामृत स्नान, सुगंधित द्रव्यों से स्नान एवं दुग्धाभिषेक कराया गया। श्रद्धालुओं ने 108 विशेष सामग्रियों से पूजा-अर्चना कर हवन कुंड में आहुतियां दीं, जिसके बाद महाआरती का आयोजन हुआ। शाम करीब 5 बजे सजे-धजे घोड़ा बग्गी में विराजित मूर्तियों की भव्य शोभायात्रा गाजे-बाजे और डीजे की धुनों के साथ कस्बे के प्रमुख मार्गों से निकाली गई। ‘रुणिचा रा धणी ‘, ‘अजमल घर अवतार’ और ‘नीले घोड़े वाला’ जैसे बाबा रामदेवजी के भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। पूरे कस्बे में ‘जय बाबा री’ और ‘बाबो भली करे’ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। मंदिर परिसर में आसपास क्षेत्र सहित समाज के रिश्तेदार, सगे-संबंधी और बाबा के भक्त बड़ी संख्या में दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। आयोजकों ने बताया कि 9 मई को वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ सभी मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा, मंदिर शिखर पर कलश स्थापना, महाआरती एवं महाप्रसादी के साथ भंडारे का आयोजन किया जाएगा।     


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने