लांबाहरिसिंह में अतिक्रमण पर दूसरे दिन भी चला प्रशासन का बुलडोजर


नई स्कूल व सीएचसी भवन निर्माण का रास्ता साफ 

लांबाहरिसिंह (सच्चा सागर)। पालिका प्रशासन, मालपुरा तहसील प्रशासन एवं पुलिस की मौजूदगी में लांबाहरिसिंह में दूसरे दिन भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रही। प्रशासन ने नई स्कूल भवन एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवन निर्माण के लिए आवंटित भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाकर विकास कार्यों का रास्ता साफ किया। जानकारी के अनुसार स्कूल के खेल मैदान के पास नई स्कूल भवन निर्माण हेतु आवंटित भूमि पर बने बाड़ों तथा पास स्थित चारागाह भूमि पर किए गए पक्के निर्माणों को चार जेसीबी मशीनों की मदद से हटाया गया। पटवारी चैनाराम मेघवाल ने बताया कि चारागाह भूमि खसरा नंबर 531/1 एवं 534/3 पर वर्षों से अवैध कब्जे, तारबंदी और पक्के निर्माण किए गए थे। करीब 30 बीघा भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है। वहीं मोरला रोड स्थित कृषि मंडी भूमि पर प्रस्तावित नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण को लेकर भी प्रशासन सक्रिय नजर आया। सीएचसी निर्माण के लिए 2 हेक्टेयर (करीब 8 बीघा) भूमि आवंटित की गई है तथा 7.10 करोड़ रुपए की लागत से निर्माण कार्य स्वीकृत होकर टेंडर प्रक्रिया भी पूर्ण हो चुकी है। निर्माण कार्य शुरू होने से पहले प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान ब्लॉक सीएमएचओ डॉ. संजीव चौधरी, चिकित्सक डॉ. कमलेश माली, मालपुरा तहसीलदार पवन मातवा एवं पालिका ईओ तुलसी देवी चौधरी मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन की कार्रवाई के दौरान कुछ गरीब परिवारों के आशियानों पर भी असर पड़ा, जिससे मौके पर भावुक माहौल बन गया। बाद में तहसीलदार पवन मातवा ने प्रभावित लोगों से वार्ता कर कुछ आवासीय मकानों को यथावत रखते हुए राहत प्रदान की। अतिक्रमण हटाने के दौरान जेसीबी की चपेट में आने से एक युवक घायल हो गया, जिसे तुरंत उपचार के लिए मालपुरा रेफर किया गया। मौके पर गिरदावर राजकुमार जोय, पटवारी ओमप्रकाश चौधरी, चैनाराम मेघवाल सहित पुलिस जाब्ता तैनात रहा। प्रशासन ने बापू नगर कॉलोनी के पीछे दक्षिण दिशा में बने अवैध पक्के निर्माणों को भी ध्वस्त कर भूमि का समतलीकरण कराया। अतिक्रमण हटने के बाद अब क्षेत्र में नई स्कूल बिल्डिंग एवं सीएचसी भवन निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।        


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने