बासेड़ा गांव के बाड़ों में भीषण आग, दमकल ने दो घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू


टोड़ारायसिंह (सच्चा सागर)।
उपखण्ड के गांव बासेड़ा में शनिवार देर शाम आबादी क्षेत्र के समीप स्थित बाड़ों में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग जाने से अफरा-तफरी मच गई। तेज आंधी और हवाओं के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया तथा आस-पास के मकानों तक पहुंचने लगी। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाकर बड़ा हादसा टाल दिया। पंचायत प्रशासक प्रतिनिधि प्रधान जाट के अनुसार आग बासेड़ा गांव में घरों के समीप स्थित बाड़ों में लगी थी। आग की लपटें तेज हवाओं के कारण तेजी से फैल रही थीं, जिससे आस-पास के मकानों को भी खतरा पैदा हो गया। मौके पर पहुंचे फायरमैन दिलखुश मार्शल, सांवरमल पंवार तथा वाहन चालक राजेंद्र सिंह ने सूझबूझ दिखाते हुए सबसे पहले आग को रिहायशी क्षेत्र तक पहुंचने से रोका। इसके बाद लगातार प्रयास कर आग पर नियंत्रण पाया गया। आगजनी की इस घटना में दो ट्रॉली लकडिय़ां, बाड़े की मेड़, बबूल के पेड़ तथा अन्य कृषि उपयोगी सामग्री जलकर राख हो गई। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लेने से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। इधर, तेज हवाओं के बीच कस्बे के कचरा डिपो में भी कचरे के ढेर में आग लग गई, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम अजमेर से वैकल्पिक अग्निशमन वाहन मंगवाया गया। वाहन चालक जीतराम गुर्जर, फायरमैन जोरावर सिंह एवं अंकित चौधरी की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद कचरा डिपो की आग पर भी सफलतापूर्वक काबू पा लिया। दमकल विभाग की तत्परता और टीमों की मुस्तैदी से दोनों स्थानों पर बड़े नुकसान और संभावित जनहानि को टाल दिया गया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।     


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने