पीएम आवास का लाभ नहीं मिला, उधार लेकर बनवा रहे मकान की दीवारें आंधी में गिरीं


टोंक (सच्चा सागर)।
प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) का लाभ नहीं मिलने से परेशान एक परिवार का निर्माणाधीन मकान शुक्रवार रात आई तेज आंधी की भेंट चढ़ गया। निर्माणाधीन मकान की दीवारें भरभराकर गिरने से परिवार बेघर हो गया और उस पर लिया गया कर्ज भी बढ़ गया। पीडि़त प्रभूलाल सैनी निवासी वार्ड संख्या 21 ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2025 में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवेदन किया था, लेकिन सूची में नाम नहीं आने के कारण मजबूरी में रिश्तेदारों से करीब 1.50 लाख रुपये उधार लेकर मकान निर्माण शुरू कराया। शुक्रवार रात आई तेज आंधी में निर्माणाधीन मकान की दीवारें गिर गईं, जिससे पूरा निर्माण कार्य क्षतिग्रस्त हो गया। प्रभूलाल ने बताया कि दीवार गिरने से न केवल निर्माण सामग्री मलबे में तब्दील हो गई, बल्कि उनके सिर पर कर्ज का बोझ भी बढ़ गया है। वर्तमान में परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है। घटना की जानकारी मिलने पर कैबिनेट मंत्री डॉ. अविनाश गहलोत फाउंडेशन के जिला प्रभारी कमलेश सोलंकी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीडि़त परिवार को ढांढस बंधाते हुए आश्वासन दिया कि मामले को जिला कलेक्टर डॉ. टीना डाबी के संज्ञान में लाकर आपदा राहत सहायता एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवश्यक मदद दिलाने का प्रयास किया जाएगा। कमलेश सोलंकी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक जरूरतमंद परिवार को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना है और पीडि़त परिवार को हर संभव सहायता दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों से बात की जाएगी। पीडि़त परिवार ने प्रशासन से तत्काल मुआवजा एवं आवास सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।         


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने