अवैध बजरी खनन पर सख्ती के दिए संकेत
टोंक (सच्चा सागर)। जिले के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा ने शनिवार को औपचारिक रूप से अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने मीडिया से रूबरू होते हुए जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा आमजन को बेहतर पुलिसिंग उपलब्ध कराने की बात कही। नए एसपी के पदभार ग्रहण करते ही पुलिस प्रशासन में नई सक्रियता देखने को मिल रही है। मीडिया से बातचीत के दौरान एसपी रोशन मीणा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राज्य सरकार एवं पुलिस मुख्यालय की प्राथमिकताओं के अनुरूप जिले में प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। इसके लिए पुलिस प्रशासन पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करेगा। नव नियुक्त एसपी ने विशेष रूप से अवैध बजरी खनन के मुद्दे को गंभीर बताते हुए कहा कि जिले में अवैध खनन गतिविधियों पर रोक लगाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि लंबे समय से अवैध बजरी खनन प्रशासन और पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है, जिससे राजस्व हानि के साथ-साथ कानून व्यवस्था की समस्याएं भी उत्पन्न होती हैं। ऐसे में अवैध खनन में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अवैध खनन में शामिल माफियाओं एवं उनके सहयोगियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। इसके लिए पुलिस की विशेष टीमों को सक्रिय किया जाएगा तथा संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और अवैध कार्य करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे। एसपी रोशन मीणा ने साइबर अपराधों को लेकर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में साइबर ठगी और ऑनलाइन अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, इसलिए पुलिस प्रशासन इस दिशा में भी विशेष सतर्कता बरतेगा। साइबर अपराधियों पर निगरानी रखने के साथ-साथ आमजन को जागरूक करने के लिए भी अभियान चलाए जाएंगे, ताकि लोग ऑनलाइन धोखाधड़ी से बच सकें। उन्होंने कहा कि जिले में सक्रिय असामाजिक तत्वों और आपराधिक गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। साथ ही सांप्रदायिक सौहार्द बिगाडऩे वाले तत्वों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि टोंक हमेशा से भाईचारे और सौहार्द की मिसाल रहा है और इस माहौल को खराब करने की कोशिश करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। एसपी ने यह भी कहा कि पुलिस और आमजन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। थाना स्तर पर पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए जाएंगे कि वे आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पुलिस का व्यवहार संवेदनशील और पारदर्शी होना चाहिए, जिससे जनता का विश्वास और अधिक मजबूत हो सके। उन्होंने जिले के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से अनुशासन एवं ईमानदारी के साथ कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि पुलिस की सकारात्मक छवि बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। अपराध नियंत्रण के साथ-साथ आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की मुख्य जिम्मेदारी है और इस दिशा में हर संभव प्रयास किए जाएंगे। नव नियुक्त एसपी रोशन मीणा के पदभार संभालने के बाद जिले में पुलिस प्रशासन को लेकर लोगों में नई उम्मीदें जगी हैं। आमजन को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में कानून व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा।
