श्याम दरबार में भजन संध्या : कलकत्ता के फूलों से सजा बाबा का दरबार


निवाई (सच्चा सागर)।
इन्द्रा कॉलोनी स्थित प्रसिद्ध श्याम मंदिर में एकादशी के पावन पर्व पर धार्मिक कार्यक्रमों की धूम रही। इस अवसर पर बाबा श्याम का पंचामृत से अभिषेक कर विशेष पूजा-अर्चना की गई। एकादशी के शुभ अवसर पर बाबा श्याम का अलौकिक श्रृंगार किया गया। इसके लिए विशेष रूप से कलकत्ता से मंगाए गए रंग-बिरंगे सुगंधित फूलों का उपयोग किया गया। बाबा के मस्तक पर चंदन का लेप लगाया गया। दिनभर मंदिर परिसर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने कतारबद्ध होकर बाबा के जयकारों के साथ दर्शन किए। दोपहर में भक्तों को एकादशी व्रत की कथा श्रवण कराई गई। सायं सात बजे से मंदिर प्रांगण में विशाल भजन संध्या का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य भजन गायिका बूंदी की प्रसिद्ध कलाकार उन्नति शर्मा रहीं। उन्होंने ‘हारे का सहारा है बाबा श्याम हमारा’ और ‘सजा दो घर को गुलशन सा’ जैसे सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियां देकर पांडाल में मौजूद श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। स्थानीय कलाकारों ने भी एक से बढक़र एक श्याम भजनों की प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। भजन संध्या के बाद बाबा श्याम की भव्य आरती उतारी गई। इसके बाद मंदिर समिति की ओर से सभी उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। देर रात तक चले इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में महिला व पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ कमाया।      


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने