टोंक में फिर बढ़ा तनाव : दो बाइक की भिड़ंत के बाद विवाद, मौके पर पहुंचा भारी पुलिस जाब्ता


टोंक (सच्चा सागर)। 
टोंक शहर में शुक्रवार देर रात एक बार फिर तनावपूर्ण माहौल देखने को मिला। पुरानी टोंक थाना क्षेत्र के काला बाबा इलाके में दो बाइक आपस में भिड़ गईं। मामूली हादसे के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में विवाद में बदल गई। घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक टकराने के बाद दोनों पक्षों के लोगों के बीच बहस शुरू हुई। विवाद बढ़ता देख स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचने लगे और देखते ही देखते वहां भीड़ जमा हो गई। हालात बिगड़ते देख किसी ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुरानी टोंक थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया। स्थिति को देखते हुए पुलिस लाइन से अतिरिक्त जाब्ता भी बुलाया गया। पुलिस ने भीड़ को हटाकर इलाके में शांति व्यवस्था कायम की। घटना में दो लोगों के घायल होने की जानकारी भी सामने आई है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

नॉनवेज दुकान को लेकर लोगों का विरोध

घटना के दौरान स्थानीय लोगों ने इलाके में संचालित एक नॉनवेज दुकान का विरोध भी किया। लोगों का आरोप है कि दुकान पर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है और आए दिन वहां विवाद जैसी स्थिति बनती रहती है। लोगों ने दुकान को बंद करवाने की मांग करते हुए नाराजगी जताई। स्थिति को गंभीर होता देख पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों से समझाइश की और मामला शांत करवाया। पुलिस ने क्षेत्र में अतिरिक्त निगरानी बढ़ा दी है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो सके।

पहले से गरमाया हुआ है शहर का माहौल

गौरतलब है कि इससे पहले टोंक में चर्चित कुणाल गुर्जर सुसाइड मामले को लेकर भी माहौल गरमाया हुआ है। इस मामले में समाज विशेष के एक परिवार पर कथित धर्मांतरण और आत्महत्या के लिए दबाव डालने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इसी कारण शहर में पहले से तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। वहीं पूरे मामले की जांच की जा रही है। 

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने