ऑनलाइन फार्मेसी के विरोध में दवा दुकानें रही बंद


देवली (सच्चा सागर)।
ऑनलाइन फार्मेसी के बढ़ते प्रभाव और नकली दवाओं की बिक्री पर रोक लगाने की मांग को लेकर अखिल भारतीय दवा विक्रेता संघ एवं राजस्थान केमिस्ट एलायंस के आह्वान पर बुधवार को जिले सहित देवली में दवा विक्रेताओं ने अपनी दुकानें पूर्णतया बंद रखीं। जिला टोंक की सभी थोक और रिटेल दवा दुकानें बंद रहने से बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। देवली कुछ आयुर्वेद और मवेशियों के दवा स्टोर भी बंद रहे। केमिस्ट एसोसिएशन देवली के अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल ने बताया कि ऑनलाइन फार्मेसी के कारण देशभर के लगभग 12 लाख परिवारों के रोजगार पर गहरा संकट मंडरा रहा है। दवा विक्रेताओं का कहना है कि ऑनलाइन माध्यम से दवाओं की अनियंत्रित बिक्री न केवल उनके व्यापार को प्रभावित कर रही है, बल्कि इससे नकली दवाओं के प्रसार का खतरा भी बढ़ गया है। देशव्यापी विरोध प्रदर्शन के तहत टोंक जिले के केमिस्टों ने एकजुटता दिखाते हुए अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। हालांकि एसोसिएशन द्वारा पूर्व में ही सूचना दे दी गई थी कि लोग अपनी आवश्यक दवाएं 19 मई को ही खरीद लें, फिर भी अचानक जरूरत पडऩे पर कई मरीजों और उनके परिजनों को दवाइयों के लिए भटकना पड़ा।             


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने