नेगडिय़ा पुलिया के पास मिला युवक
देवली (सच्चा सागर)। शहर के पुराने अजमेर मार्ग स्थित बनास नदी में डूबे मां-बेटे के मामले में बुधवार को तीसरे दिन प्रशासन को सफलता मिली। गोताखोरों और रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद लापता युवक शंकर नाथ का शव भी बरामद कर लिया है। युवक का शव नेगडिय़ा पुलिया से करीब 200 मीटर दूर बजरी कांटे के पीछे मिला, जो बहकर वहां तक चला गया। उल्लेखनीय है कि सोमवार को हुए इस हादसे के बाद से ही पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही थीं। मंगलवार सुबह मां मनफूली देवी का शव मिलने के बाद से ही बेटे शंकर की तलाश के लिए एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस की टीमें बनास के बहाव क्षेत्र में जुटी हुई थीं। बुधवार सुबह सर्चिंग के दौरान टीम को नेगडिय़ा पुलिया के पास शव होने की सूचना मिली। सहायक उप निरीक्षक सैयद जावेद ने बताया कि युवक का शव बहाव के साथ पुलिया से करीब 200 मीटर आगे निकल गया था और बजरी कांटे के पास जाकर अटक गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर राजकीय अस्पताल की मोर्चरी पहुंचाया। इस दौरान मौके पर परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा रही। गौरतलब है कि मां को बचाने के प्रयास में बेटा भी नदी के गहरे पानी में समा गया था, ऐसा मृतक के पुत्र ने रिपोर्ट में दिया है। जिसकी पुलिस जांच कर रही है। लंबे इंतजार के बाद जैसे ही शंकर का शव मिला, परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्यवाही और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। बता दे कि मृतक मनफूली के पांच बेटे हैं।
