सिरस (सच्चा सागर)। राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिरस में चिकित्सक का पद रिक्त होने से रोगियों को प्राथमिक उपचार के लिए भी बाहर जाना पड़ रहा है। जीएसएस के पूर्व अध्यक्ष श्यामलाल योगी, सरपंच शिवजीराम जाट, पूर्व उपसरपंच कैलाश प्रजापत, देवेंद्र चौधरी, परमेश्वर योगी, राम भजन जोगी व शिवचरण योगी ने बताया की सिरस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर दर्जनों गांव के रोगी उपचार करवाने के लिए आते हैं। स्वास्थ्य केंद्र पर तीन माह से चिकित्सक का पद रिक्त है। चिकित्सक के अभाव में रोगियों को उपचार के लिए निवाई व टोंक जाना पड़ रहा है। क्षेत्र के लोगों को लंबी दूरी तय करके उपचार के लिए बाहर जाने में समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सक लगवाने के लिए जनप्रतिनिधियों व उच्चाधिकारियों को अवगत करवाने के बाद भी ध्यान नहीं देने से लोगों में नाराजगी बनी हुई है। ग्रामीणों ने चिकित्सा मंत्री को पत्र भेजकर स्वास्थ्य केंद्र पर शीघ्र चिकित्सक की नियुक्ति करने की मांग की है।
सिरस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तीन माह से चिकित्सक का पद रिक्त, ग्रामीण परेशान
0