पीपलू : बढ़ती महंगाई और नीट पेपर लीक मामले को लेकर उपखंड अधिकारी को सौंपा ज्ञापन


- ओमप्रकाश चंदेल 

पीपलू (सच्चा सागर)। देश और प्रदेश में लगातार पैर पसार रही महंगाई और युवाओं के भविष्य से जुड़े नीट (नीट) पेपर लीक मामले को लेकर आज पीपलू उपखंड मुख्यालय पर गहरा आक्रोश देखने को मिला। क्षेत्र के नागरिकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकत्रित होकर पीपलू उपखंड अधिकारी को महामहिम राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम  ज्ञापन सौंपा। 

महंगाई से आम जनता त्रस्त

ज्ञापन में बताया गया कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस सिलेंडर के दामों में हो रही बेतहाशा वृद्धि से आम आदमी का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है। ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन से लेकर खेती-किसानी तक की लागत बढ़ गई है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि सरकार तुरंत दखल देकर पेट्रोलियम पदार्थों और गैस सिलेंडर के दामों को नियंत्रित करे ताकि आम जनता को राहत मिल सके।  

युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद हो 

इसके साथ ही, ज्ञापन में नीट (नीट) परीक्षा में सामने आई धांधली और पेपर लीक के मामले पर कड़ा विरोध दर्ज कराया गया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि दिन-रात मेहनत करने वाले होनहार युवाओं के भविष्य के साथ बार-बार इस तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच करवाकर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्यवाही की मांग की गई है। इस दौरान स्थानीय ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष हंसराज मीणा, रामलाल मीणा, तुलसीराम गुर्जर, छोटूलाल, मानसिंह, गोविन्द चौधरी सहित बडी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।    


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने