आंधी-तूफान और बारिश ने मचाई तबाही, टीन शेड व छप्पर उडऩे से भारी नुकसान


टोड़ारायसिंह (सच्चा सागर)। शनिवार देर शाम आए आंधी तूफान और बारिश से क्षेत्र में तबाही मचा दी। आंधी तूफान से घरों के टीन शेड, सीमेंट चदर सहित अन्य घरेलू सामान उड़ गए, वहीं आमजन सहित मवेशियों में भी अफरातफरी मची रही। शनिवार को दिन भर भीषण गर्मी के बाद शाम से ही मौसम अचानक बदल गया और तेज हवा चलने लगी। देखते देखते ही आंधी तूफान शुरू हो गया। करीब दो घंटे आंधी तूफान के बाद मेघ गर्जन और बिजली की कडक़ड़ाहट के साथ बारिश होने लगी। इस दौरान 50-60 किमी गति की हवाओं ने सब-कुछ तहस-नहस कर दिया। गांवों में अधिकांश घरों में लगे टीन शेड, सीमेंट चदर, छप्परों सहित पानी की टंकियां उड़ कर एक डेढ़ किमी दूर जा गिरी। जिससे कई लोगों के खाने पीने के सामान और बिस्तर आदि खराब हो गए। देर शाम आए आंधी तूफान से मोर, पंवालिया, पथराज कलां, भांवता, लक्ष्मीपुरा धाकडान, दाबडदुंबा, मुण्डिया कलां, मांदोलाई, दतोब, संवारिया, कुहाड़ा बुजुर्ग सहित आसपास के क्षेत्र ज्यादा प्रभावित हुए हैं। गांव बन का खेड़ा में रतन गुर्जर जगदीश गुर्जर, श्योराज बैरवा के मकानों के टीन शेड तथा सीमेंट चदर, पथराज कलां में शंकरलाल जाट के 12 टीन एक डेढ़ किमी दूर खेतों में मिलें, वहीं भांवता में सुखलाल धाकड़ के टीन शेड और छप्पर उड़ गए। बाड़ों में रखा चारा भी उड़ गया तथा यहां बंधें जानवर रांभने लगें।   


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने