वैदिक मंत्रोच्चार के बीच ठाकुरजी विराजमान
टोड़ारायसिंह (सच्चा सागर)। उपखण्ड के गांव दतोब में रघुनाथ मंदिर का जीर्णोद्धार के पश्चात दो दिवसीय मूर्ति प्रतिष्ठा महोत्सव में गुरुवार को वैदिक मंत्रोच्चार और जयकारों के बीच गर्भ गृह में विराजित किया। प्रतिष्ठाचार्य पंडित राकेश पारीक शास्त्री पंवालिया वाले ने बताया कि विद्वान पंडितों पं सीताराम शर्मा, पं सत्यनारायण शर्मा, पं मुकेश कुमार, पं रविशंकर के सानिध्य में मंत्रोच्चार करते हुए प्रात: ठाकुरजी का जलाभिषेक, पंचगव्य स्नान और दूध, दही, घी, शर्करा तथा शहद के पंचामृत से स्नान करवाया गया। तत्पश्चात फलोदक गंगाजल स्वर्ण तथा रजत, डाब, दुर्वा जल से यजमानों द्वारा अभिषेक किया गया। उन्होंने बताया कि मुख्य यजमान बृजकिशोर झांकल, रामराज भदाला, सत्यनारायण भदाला, योगेश भदाला तथा आवडीवाल ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ कुण्ड में पूर्णाहुति दी। दोपहर अभिजित मुहूर्त में ठाकुर जी रघुनाथ महाराज, राधारानी तथा रूकमणि एवं शालीग्राम को गर्भ गृह में विराजमान किया तथा मंदिर शिखर पर कलश चढ़ाया। इस दौरान श्रद्धालुओं के जयकारों से गूंज उठा। तत्पश्चात महाआरती कर प्रसाद वितरित किया गया। इससे पहले मण्डलों में गणपति पूजन, षोडश मातृका मण्डल पूजन, रुद्र कलश पूजन, पितृ मण्डल पूजन, देव वास्तु पूजन, चतुषष्ठी योगिनी पूजन, क्षेत्रपाल मण्डल पूजन, वास्तु मण्डल पूजन, नवग्रह मण्डल पूजन, सर्वतो भद्र मण्डल पूजन, शिवजी का पूजन, रघुनाथ जी का पूजन फिर हवन किया।
