‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गूंजा गुलगांव, भव्य कलश यात्रा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब


लांबाहरिसिंह (सच्चा सागर)।
गुलगांव में गढ़ के पास स्थित ठाकुरजी मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय शिव पंचायत मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत मंगलवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा बालाजी मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शुरू होकर कस्बे के प्रमुख मार्गों से होती हुई गढ़ चौक स्थित ठाकुरजी मंदिर पहुंची। कलश यात्रा और शिव परिवार की मूर्तियों के नगर भ्रमण से पूरा कस्बा भक्तिमय माहौल में रंग गया। यज्ञ आचार्य पंडित गिरधर गोपाल ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ झंडा पूजन एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए। यात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण कर मंगल गीत गाती हुई चल रही थीं, वहीं पुरुष श्रद्धालु हाथों में ध्वज लेकर  ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से वातावरण को गुंजायमान कर रहे थे। मुख्य यजमान ठाकुर जोरावर सिंह, भवानी सिंह एवं शिव प्रताप सिंह ने बताया कि महोत्सव के दूसरे दिन 13 मई को शिव पंचायत मूर्तियों का विशेष पूजन, औषधि स्नान, जलाभिषेक, पंचामृत स्नान, सुगंधित द्रव्यों से अभिषेक एवं दुग्धाभिषेक सहित 108 विशेष सामग्रियों से पूजा-अर्चना कराई जाएगी। वहीं 14 मई को मूर्तियों का नगर भ्रमण करवाकर वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ प्राण प्रतिष्ठा एवं हवन कुंड में आहुतियां दी जाएंगी। इस अवसर पर ग्राम आचार्य भगवती प्रसाद शर्मा, गणेश नारायण दाधीच, हरिप्रसाद बहेड़ा, जगदीश जांगिड़ सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष मौजूद रहे।    


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने