हाट बाजार में अतिक्रमण और गंदगी से परेशान लोगों ने सौंपा ज्ञापन

टोड़ारायसिंह (सच्चा सागर)। कस्बे के दशहरा मैदान में प्रत्येक रविवार को लगने वाले साप्ताहिक हाट बाजार के दौरान आम रास्तों पर हो रहे अतिक्रमण और गंदगी की समस्या को लेकर आसपास के निवासियों ने नगर पालिका अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर समाधान की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया कि हाट बाजार के दौरान कई दुकानदार मकानों के बाहर तथा सडक़ पर दुकानें, सब्जी के ठेले एवं अस्थायी टेबल लगाकर आम रास्ते को बाधित कर देते हैं। इससे राहगीरों एवं वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार सडक़ जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे विवाद होने की आशंका भी बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की कि सभी दुकानदारों को दशहरा मैदान के अंदर ही दुकानें लगाने के लिए पाबंद किया जाए, ताकि आम रास्ते खुले रहें और लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की दिक्कत न हो। निवासियों ने यह भी बताया कि हाट बाजार समाप्त होने के बाद क्षेत्र में भारी मात्रा में कचरा फैल जाता है। समय पर सफाई नहीं होने से गंदगी मकानों तक पहुंच जाती है, जिससे आस-पास रहने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि हाट बाजार समाप्ति के बाद नगर पालिका सफाई कर्मचारियों अथवा बाजार से शुल्क वसूलने वाले ठेकेदार के माध्यम से नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करे। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से शीघ्र कार्यवाही कर व्यवस्था सुधारने की मांग की है, ताकि हाट बाजार सुव्यवस्थित तरीके से संचालित हो सके और आमजन को राहत मिल सके।        


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने