टोड़ारायसिंह (सच्चा सागर)। कस्बे के वार्ड नंबर 25 फूट्यादेवरा में एकमात्र मीठे पानी का हैंडपंप खराब होने से क्षेत्र में पेयजल संकट गहरा गया है। परेशान वार्डवासियों ने सोमवार को उपखंड अधिकारी के नाम नायब तहसीलदार मनीष मीणा को ज्ञापन सौंपकर हैंडपंप को शीघ्र ठीक कराने की मांग की। मेन रोड स्थित आटा चक्की के सामने लगा हैंडपंप वार्डवासियों के लिए पेयजल का प्रमुख स्रोत है। इस हैंडपंप में पर्याप्त पानी होने के बावजूद जलदाय विभाग के कर्मचारियों द्वारा पाइप निकाल लिए गए। जब ग्रामीणों ने इसका पाइप डालने की बात कही, कारण पूछा तो कर्मचारियों ने नए लेकिन लंबे समय बीतने के बाद भी हैंडपंप को दुरुस्त नहीं किया गया। ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में कई बार जलदाय विभाग और प्रशासन को शिकायत दी जा चुकी है। विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौके का निरीक्षण भी कर चुके हैं, इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया। वार्डवासियों का कहना है कि भीषण गर्मी में यह हैंडपंप पूरे क्षेत्र के लोगों के लिए राहत का एकमात्र साधन था।