अधिक मास में शिव कृपा की अमृत वर्षा, टोरडी में गूंज रही शिव महापुराण कथा


मालपुरा (सच्चा सागर)।
टोरडी गांव में आयोजित सप्त दिवसीय श्रीशिव महापुराण ज्ञानयज्ञ महोत्सव के चतुर्थ दिवस शुक्रवार को श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला। वृंदावन धाम के प्रसिद्ध कथावाचक राजीव कृष्ण महाराज ने भगवान भोलेनाथ की महिमा का भावपूर्ण वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को शिव भक्ति का रसपान कराया। कथा के दौरान महाराज ने भगवान शिव की पूजा विधि, रुद्राक्ष धारण करने के नियम, बिल्व पत्र अर्पित करने की सही विधि तथा पंचाक्षर मंत्र ‘ओम नम: शिवाय’ के जाप के महत्व को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि रुद्राक्ष केवल आध्यात्मिक साधना का माध्यम ही नहीं, बल्कि औषधीय दृष्टि से भी अत्यंत लाभकारी है। रुद्राक्ष धारण करने तथा उसके स्पर्श वाले जल का आचमन करने से मानसिक तनाव, शारीरिक पीड़ा और नकारात्मकता दूर होती है। कथा में लक्ष्मी माता और प्रभु नारायण की सजीव झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। भक्ति संगीत और झांकियों के बीच पूरा पांडाल शिवमय वातावरण में डूबा नजर आया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। अधिक मास में आयोजित इस पुण्य कथा में टोरडी के शिव भक्त तन, मन और धन से सहयोग कर धर्म लाभ प्राप्त कर रहे हैं। आयोजन समस्त टोरडी शिव भक्तों के सहयोग से संपन्न हो रहा है।   


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने